आज मैं उस एक व्यक्ति के साथ संबंध की खूबसूरती के विषय में लिखना चाहता हूँ, जो आपके दिल के सबसे करीब है या आपके दिल की गहराइयों में समाया हुआ है-वह आपका जीवन साथी हो सकता है, पति या पत्नी हो सकता है, प्रेमी या गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड हो सकता है। सिर्फ यही संबंध है, जिसमें आप दूसरे के सामने पूरी तरह से नंगे हो सकते हैं। कम से कम मुझे ऐसे किसी दूसरे संबंध के विषय में जानकारी नहीं है।
स्वाभाविक ही मैं शारीरिक नग्नता के विषय में बात नहीं कर रहा हूँ। निश्चित ही, मुझे लगता है कि एक दूसरे के सामने आप दोनों नंगे हो सकते हैं लेकिन कुछ दूसरे लोग भी होते हैं, जिनके सामने भी ऐसा करने में आपको कोई दिक्कत नहीं होगी। दरअसल मैं आपके दिल की गहराइयों में स्थित विचारों और भावनाओं के विषय में बात कर रहा हूँ, जिन्हें आप अपने अभिभावकों, भाई-बहनों और अच्छे से अच्छे मित्रों के सामने भी कहने में झिझकेंगे। लेकिन इस दूसरे के सामने आप अपने आपको बिलकुल बेसहारा छोड़ देंगे।
जी हाँ, मेरे खयाल से, जिसके साथ आप इस प्रेम-बंधन में बंधे हुए हैं, उसे अपनी आत्मा की हर सूक्ष्म से सूक्ष्म बात भी ज़ाहिर कर सकते हैं, आप वास्तव में क्या हैं, यह पूरी सत्यता और ईमानदारी के साथ बता सकते हैं। ऐसा करने के लिए आपको अपने अहं को समाप्त करना होगा। एक बार नहीं, बार बार। आपका कोई हिस्सा इस व्यक्ति की नज़र से ओझल नहीं रह सकता। अहं को चोट पहुँचने के डर से आप उससे कुछ भी छिपाकर नहीं सकते और ऐसा करने की आपको आवश्यकता भी महसूस नहीं होगी क्योंकि वह दूसरा आपको पूरी तरह जानता है, आपकी शक्ति और कमजोरी और आपके अहं को भी! तो, जब आप उसे (उस अहं को) भी छोड़ देते हैं, आपका अहं तहस-नहस हो चुका होता है तो फिर आप एक नन्हें शिशु की तरह उस दूसरे के हाथों में खेल रहे होते हैं, नंगे, सुकुमार मगर पूरी तरह सुरक्षित। आप अपने सम्पूर्ण व्यक्तित्व के साथ उसके हाथों में सुरक्षा का अनुभव करते हैं।
यह दुनिया का सबसे बेहतरीन अनुभव है!
आप जानते हैं कि आप कोई मूर्खतापूर्ण बात भी कह देंगे तो भी आपका प्रेम बना रहेगा।
आप जानते हैं कि आप कोई ऐसी बात, जिसे किसी और के साथ साझा करने में आपको शर्मिंदगी हो सकती है, उसके साथ साझा करेंगे तो भी प्रेम बना रहेगा।
आप जानते हैं कि आप अपने मन के कोने में छिपे गुस्से का इजहार करेंगे तो वह दूसरा उसे स्वीकार कर लेगा, सहन करेगा और उसके बावजूद आपके साथ प्रेम करता रहेगा।
आप जानते हैं कि आप अपने भय उसके सामने जाहिर करेंगे और वह दूसरा आपको गले लगा लेगा, आपको सुरक्षा प्रदान करेगा और आपके भयंकर से भयंकर डर में भी आपको अपनी बाहों में पनाह देगा।
आप जानते हैं कि आप अपनी गलतियाँ, जिन पर आपको पछतावा है, उसके सामने रखेंगे और वह सिर्फ आपकी बात सुनेगा, समझेगा और आपकी गलतियों और पछतावों का बोझ उठाने में आपकी सहायता करेगा।
आप जानते हैं कि प्रेम हमेशा बना रहेगा, चाहे कुछ भी हो जाए।
Related posts
उन्मुक्त सेक्स संबंध बनाना गलत नहीं है परन्तु मुझे लगता है, वे सफल नहीं हो पाते – 3 दिसंबर 2015
एक से अधिक सेक्स पार्टनर के साथ आपसी संबंधों में रोमांच, थ्रिल, उत्तेजना और असफलता – 1 दिसंबर 2015
क्या आप भी अपने आपको सेक्स का सबसे बड़ा खिलाड़ी समझते हैं – 30 नवंबर 2015
अहं के चलते आपसी संबंधों में आने वाली समस्याओं से कैसे निपटें – 29 अक्टूबर 2015
क्या आध्यात्मिकता (धार्मिकता) का अर्थ यह है कि आप दगाबाजी करें फिर अपने आप को माफ़ भी कर दें? 15 जुलाई 2015
पश्चिम में बसना – मतलब वास्तविक रूप से स्वतंत्र होना – 7 जुलाई 2015
भारतीय पुरुषों, अगर आप अपनी पश्चिमी साथी के साथ विदेश में बसने का मन बना रहे हैं तो कृपया इसे अवश्य पढ़ें – 6 जुलाई 2015
पश्चिमी महिला के लिए क्यों भारत में सामाजिक जीवन बनाने में दिक्कतें पेश आ सकती हैं – 2 जुलाई 2015
पश्चिमी महिलाओं: अपने भारतीय परिवार वालों को अपने बच्चे की पिटाई की इजाज़त न दें! 1 जुलाई 2015
