आज मैं आपके शरीर और आपकी आदतों के बारे एक छोटी सी रोचक बात बताना चाहता हूँ।
इस समय यशेन्दु की गर्लफ्रेंड, इफा यहाँ, आश्रम आई हुई है। आजकल वे दोनों भारत और जर्मनी के बीच काफी आना-जाना कर रहे हैं, जिससे ज़्यादा से ज़्यादा एक-दूसरे के साथ रह सकें। कुछ दिन गुज़रने के बाद एक रात यशेंदु ने एक कर्मचारी से अपने कमरे के गद्दे एक और कमरे के गद्दों से बदलने के लिए कहा। हमने पूछा कि मामला क्या है, क्या हुआ तो इफा ने कहा कि उनके कमरे के गद्दे उसके लिए बहुत सख्त हैं। हमारे यहाँ नरम गद्दे भी उपलब्ध हैं और अब वह आराम से सो रही है।
हमें पता है कि हमारे कुछ गद्दे थोड़े सख्त हैं और पश्चिमी देशों के लोग उतने कड़े बिस्तर पर सोने के आदी नहीं होते- लेकिन परेशान होने की ज़रूरत नहीं है, हमारे यहाँ कहीं न कहीं आपको नरम, मुलायम बिस्तर भी मिल जाएँगे और आपकी व्यवस्था कर दी जाएगी! मैं, व्यक्तिगत रूप से सख्त गद्दे पर सोना पसंद करता हूँ।
अब कुछ दिन पहले हुआ यह कि एक भारतीय मेहमान हमारे यहाँ आए। दरअसल, हमारे रिश्तेदार, हमारी नानी के चचेरे भाई। हमारे बचपन में वे अक्सर हमारे यहाँ आते और काफी समय यहीं गुज़ारते थे- कभी-कभी महीनों रह जाते थे। हालांकि वे उम्र में मुझसे काफी बड़े हैं मगर उनके साथ मेरा काफी अच्छा समय गुज़रता था।
तो एक दिन यशेंदु ने देखा कि उनके कमरे की खिड़की खुली हुई है और अंदर ए सी चल रहा है। मेरे भाई ने सोचा, शायद हमारे रिश्तेदार को पता नहीं होगा कि खिड़की खुली हुई है या हो सकता है, वे जानते ही न हों कि ए सी चलाते समय खिड़कियाँ बंद कर लेनी चाहिए क्योंकि शायद वे एयर-कंडीशनिंग के बारे में नहीं जानते होंगे। इसलिए वह खिड़की तक गया और बाहर से ही दबाकर उसे बंद करने लगा और एक नज़र भीतर दौड़ाई कि दिखें तो उनकी तरफ देखकर हाथ-वाथ हिला दें, मुस्कुरा दें जिससे उन्हें पता चल जाए कि खिड़की कौन बंद कर रहा है।
हमारे मेहमान वहाँ नहीं थे, जहाँ यशेंदु ने सोचा कि होंगे-यानी बिस्तर पर वे नहीं थे और उनकी जगह उनका सामान रखा हुआ था, कुछ कपड़े वगैरह भी। यशेंदु ने देखा कि वे वहीं नीचे, नंगे फर्श पर लेटे हुए हैं। ठंडे, सख्त मार्बल के फर्श पर वे आराम से खर्राटे ले रहे थे।
है न यह मज़ेदार! आप सोच सकते हैं कि आदतें आपके शरीर पर कितना गहरा असर डालती हैं! अगर आप नरम, मुलायम बिस्तर पर सोने के आदी हैं तो आपको सख्त बिस्तर पर सोने में दिक्कत पेश आएगी। अगर आप ज़मीन पर या लकड़ी के पटिए वाले तखत पर सोने के आदी हैं तो आपको गद्दे पर नींद नहीं आएगी, भले ही गद्दा काफी सख्त हो!
Related posts
जब पिता ज़िंदा होकर भी मेरे नहीं थे…
पिता के साथ मेरा सम्बन्ध
जीवन का नया अध्याय, चुनौतियाँ और सबक
11 साल की उम्र में यौन शोषण की शिकार मेरी बहन को न बचा पाने की ग्लानि
भारत में मेरे परिवार ने मेरी पीठ में छुरा घोंपा है
दुनिया भर के राजाओं की एक सी रुचियाँ: पैसा, युद्ध और औरतें – 17 जनवरी 2016
अपरा का चौथा जन्मदिन समारोह – 10 जनवरी 2016
हमें घनिष्ट रूप से जुड़ना पसंद है – एक कैनेडियन योग दल का आश्रम आगमन – 13 दिसंबर 2015
जर्मनी के खूबसूरत दौरे से भारत वापसी – 6 दिसंबर 2015
