आज शाम को हमें एक भारतीय ने अपने छोटे से रेस्तरां में खाने पर आमंत्रित किया। पिछली बार जब मैं लकजेमबर्ग में था, वह और उसकी पत्नी मेरे पास उपचार के लिए आए थे। वह लंदन में पैदा हुआ था और पला-बढ़ा था और उसकी मुलाकात अपनी पत्नी से, जो पुर्तगाली थी, यहाँ लकजेमबर्ग में हुई थी। दस साल से वे लकजेमबर्ग में ही रह रहे थे। उन्होंने मेरा खाना मेरे नियमबद्ध आहार को ध्यान में रखते हुए बड़े प्रेम से बनाया था। रोजर और मैडी को भी बुलाया गया था इसलिए हम सब साथ में उनके यहाँ पहुंचे। हमारा मेजबान हम सबको मेहमान के रूप में पाकर बड़ा खुश था।
उसके यहाँ शानदार भोजन का मज़ा ले लेने के बाद मैंने उन्हें एक संस्मरण सुनाया जो मेरे साथ पेरिस में घटित हुआ था। मैं अपने एक मित्र के साथ सड़क पर चला जा रहा था और हम दोनों बहुत भूखे थे। हम लोग किसी अच्छे रेस्तरां की तलाश कर रहे थे और संयोग से हमें एक भारतीय रेस्तरां मिल गया। मैं बड़ा खुश हुआ और हम भीतर आ गए। रेस्तरां के मालिक ने मुझे देखा और बहुत सम्मान के साथ हमारा अभिवादन किया। मैंने सीधे पूछा कि क्या अपनी खास ज़रूरत के अनुसार मुझे बिना प्याज़, मिर्ची और लहसुन वाला खाना मिल सकता है? उसने कहा, ‘बिल्कुल! कृपया बैठ जाएँ और बताएं कि आपको क्या चाहिए। हम आपके लिए तुरंत, ताज़ा बनाकर ले आते हैं।’
वह अपने परिवार के साथ रेस्तरां की दूसरी मंज़िल पर रहता था। वह ऊपर गया और अपनी पत्नी से मेरा खास खाना बनाने के लिए कहा और कुछ देर में ही बहुत बढ़िया भोजन तैयार हो गया। डिनर के बाद मेरे मित्र ने बिल मँगवाया। लेकिन रेस्तरां का मालिक छाती पर अपने हाथ जोड़कर हमारे सामने खड़ा हो गया और बोला, ‘मैं इस भोजन का पैसा नहीं ले सकता। स्वामी जी मेरे यहाँ पधारे यह मेरे लिए सम्मान की बात है। यह मेरा धंधा है मगर मैं आपसे सिर्फ आशीर्वाद चाहता हूँ, रुपया नहीं।’ जब उसे मेरे आश्रम का और उसमें चल रहे बच्चों के चैरिटी कार्यक्रमों का पता चला तो उसने मुझे कुछ बच्चों के लिए दान भी दिया।
आज रात मैंने उन्हें यह कहानी सुनाई और बताया कि यह एक भारतीय प्रथा है। एक मेहमान को भगवान की तरह देखा जाता है और उसका उसी तरह सम्मान किया जाता है और एक आध्यात्मिक गुरु का घर आना और उसे घर में भोजन कराना तो और भी ज़्यादा सम्मान और सौभाग्य की बात मानी जाती है। उसे खिलाकर वे आशीर्वाद और दुआओं की अपेक्षा करते हैं, व्यापार की नहीं। इस तरह का अनुभव मुझे सिर्फ पेरिस में ही नहीं, जर्मनी, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में भी हो चुका है।
Related posts
क्यों भारतीय युवा अपने माता-पिता से झूठ बोलते हुए ज़रा सा भी नहीं झिझकते? 18 जनवरी 2016
भारत में महिलाओं के जीवनों में तब्दीली आ रही है लेकिन वहाँ नहीं, जहाँ कि सबसे अधिक ज़रूरत है – 14 जनवरी 2016
क्या आप भी सोचते हैं कि ‘शादी से पहले सेक्स नहीं’ – 13 जनवरी 2016
महिलाओं पर बच्चा पैदा करने के दबाव के भयंकर परिणाम – 12 जन 2016
आपके विवाह के बाद जब आपकी सास आपकी माहवारी का हिसाब रखने लगती है – 11 जनवरी 2016
भारतीय क्यों सोचते हैं कि बच्चों को अपने अभिभावकों से डरना चाहिए? 8 दिसंबर 2015
चिल्लाएँ नहीं – बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार करें! 10 नवम्बर 2015
सेक्स, सेक्स और सेक्स – पश्चिम के विषय में भारत का विकृत नजरिया – 2 सितंबर 2015

