मैं आपको पहले ही बता चुका हूँ कि कैसे एक बार अपरा ने मुझसे पूछा था कि प्रेम क्या होता है और किसने उसे उसकी माँ के पेट में रख दिया था। उसने एक और प्रश्न पूछा था जिसे वास्तव में मैं बहुत गंभीर प्रश्न समझता हूँ। प्रश्न की गम्भीरता का पता उसके शब्दों से ही चल जाता है: उसने पूछा था कि क्या बच्चे प्यार करने से पैदा होते हैं?
इस बार प्रश्न ऐसा नहीं था, जिसके उत्तर के लिए अधिक सोचना पड़ता। प्रश्न सरल था: हाँ, बच्चे प्यार करने से पैदा होते हैं! लेकिन जिस प्रक्रिया के ज़रिए वह इस नतीजे पर पहुंची थी, वह ज़्यादा बड़ी बात थी और इसका मुझे आश्चर्य हुआ।
मुझे कुछ अनुमान तो था-और अगर उसके ये विचार इसी दिशा से आए हैं तो यह बड़ी अच्छी बात है। हमारी बातचीत में अपरा और मैं बेहिचक हर उस विषय पर बात करते हैं, जो हमारे मन में आता है। हाल ही में जब मैं पूरा एक दिन दिल्ली में रहकर वापस लौटा तो मैंने उससे कहा, ‘वहाँ मैंने तुम्हें बहुत मिस किया!’ अपरा ने मेरी ओर देखा और पूछा, ‘ये मिस करना क्या होता है?’ मैंने उसे बताया कि मैं तुमसे प्यार करता हूँ और जब मैं तुम्हारे पास नहीं होता तो तुम्हारे बारे में सोचता रहता हूँ और इसी को मिस करना कहते हैं!
प्रेम या प्यार एक ऐसा विषय है जिस पर हम अक्सर बात करते हैं-और हम सभी अक्सर अपरा से कहते रहते हैं कि हम उससे प्यार करते हैं। और आश्रम का हर व्यक्ति यह कहता रहता है! हम सभी उससे कहते हैं कि हम सब उससे प्यार करते हैं, कि हम यहाँ रहने वाले सभी बच्चों से उसके भाइयों जैसा प्यार करते हैं, लिहाजा यह शब्द वह बार-बार सुनती है।
मुझे लगता है कि इसी कारण उसके मन में यह प्रश्न आया होगा। उसे पता है कि मैं उसकी माँ से प्यार करता हूँ और उसकी माँ मुझसे प्यार करती है। मैंने उसे बताया था कि मेरे माता-पिता भी एक-दूसरे से प्यार करते थे। और वह यह भी जानती है कि प्यार करने वाले जोड़ों के बच्चे होते हैं….
वह जानती है कि बच्चों से प्यार किया जाता है, कि हम सब बच्चों से बहुत प्यार करते हैं और जब कोई व्यक्ति किसी छोटे से बच्चे को लेकर हमारे यहाँ आता है तो हम कहते हैं, ‘हाय, कितना प्यारा बच्चा है!’
तो क्या बच्चे प्यार की उत्पत्ति होते हैं?
जी हाँ, होते हैं। वे प्यार की पैदावार हैं और पैदा होकर वे आपसी प्यार को और बढ़ा देते हैं-दुगना, तिगुना, कई गुना!
Related posts
अपरा जर्मनी में अपने जीवन की प्रथम बर्फ़बारी का भरपूर आनंद ले रही है – 23 नवंबर 2015
छोटी सी डांसर अपरा ने दिया स्वतः प्रवर्तित नृत्य प्रदर्शन – 9 नवम्बर 2015
जब अपरा ने शेर को नहलाया – 28 सितंबर 2015
मृत्यु संबंधी बच्चे के प्रश्न का एक नास्तिक के रूप में क्या जवाब दें – 3 सितंबर 2015
अपनी साढ़े तीन साल की बच्ची, अपरा के बगैर पहली बार माँ और पा – 14 जुलाई 2015
अपरा की पहली यात्रा, जिसमें माँ और पा उसके साथ नहीं थे – 13 जुलाई 2015
आखिर यह शुरू कैसे होता है – अपनी 3 साला बच्ची के साथ यौन शिक्षा – 31 मार्च 2015
3 साल के बच्चे को उसके सवाल का जवाब देना: प्रेम क्या होता है? 30 मार्च 2015
हर साल उत्तरोत्तर अधिक मौज-मस्ती – अपरा का होली समारोह – 5 मार्च 2015
